• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

5 वर्षीय इंटीग्रेटेड एम.कॉम कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए उज्ज्वल करियर का सुनहरा अवसर: प्रो. रविन्द्र।

Published on: 17 May 2026

*5 वर्षीय इंटीग्रेटेड एम.कॉम कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए उज्ज्वल करियर का सुनहरा अवसर: प्रो. रविन्द्र।*


इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए स्नातक एवं एकीकृत पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र प्रारम्भ की जा रही है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 मई 2026 से आरम्भ होगी। इस अवसर पर वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रविन्द्र ने 10+2 परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

प्रो. रविन्द्र ने कहा कि 12वीं के बाद सही पाठ्यक्रम का चयन विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड एम.कॉम कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जो विद्यार्थियों को आधुनिक वाणिज्य शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक दक्षता, शोध क्षमता एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में कॉमर्स क्षेत्र में करियर की अपार संभावनाएँ उपलब्ध हैं। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थी बैंकिंग, वित्तीय संस्थानों, कॉर्पोरेट सेक्टर, अकाउंटिंग, टैक्सेशन, ऑडिट, बीमा, निवेश प्रबंधन, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स तथा सरकारी एवं निजी क्षेत्र की विभिन्न सेवाओं में उत्कृष्ट करियर बना सकते हैं। इसके अतिरिक्त विद्यार्थी CA, CS, CMA, NET-JRF तथा शोध कार्य जैसे उच्च शिक्षा एवं प्रतिस्पर्धी क्षेत्रों की तैयारी भी कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के विभिन्न विद्यार्थी आज इन विभिन्न क्षेत्रों में अपना कैरियर संवार रहे हैं।

प्रोफेसर रविन्द्र ने कहा, “हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, कुशल एवं उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। विभाग में अनुभवी फैकल्टी, डिजिटल शिक्षण सुविधाएँ, प्रोजेक्ट आधारित अध्ययन, औद्योगिक भ्रमण, इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट जैसी सुविधाएँ विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करती हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय का हराभरा एवं आधुनिक परिसर, छात्र-केंद्रित शिक्षण प्रणाली, किफायती शुल्क संरचना तथा सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.igu.ac.in पर विजिट कर सकते हैं अथवा विभाग से संपर्क कर सकते हैं।

प्रोफेसर रविन्द्र ने बताया कि पिछले वर्ष के उपलब्ध डाटा के अनुसार 24 विद्यार्थियों को विभिन्न संस्थानों में प्रतिष्ठित पदों पर नियुक्ति प्राप्त हुई है।

विभाग के आठ विद्यार्थी एचपीएससी कॉमर्स कॉलेज केडर की प्रारंभिक और मेंस परीक्षा पास कर चुके हैं जो आने वाले समय में साक्षात्कार के संभावित उम्मीदवार होंगे। विभाग में कुल 60 सीट उपलब्ध हैं। मीरपुर गांव तथा सिंगल गर्ल चाइल्ड के लिए अतिरिक्त सीट भी उपलब्ध रहेगी। इसमें दाखिला लेने के लिए पात्रता 12वीं परीक्षा पास होना आवश्यक है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत संशोधित पाठ्यक्रम के आधार पर चलाए जा रहे इस 5 वर्षीय कोर्स में विद्यार्थियों को मल्टीपल एग्जिट ऑप्शन प्राप्त होते हैं। 1 वर्ष पूरा करने के उपरांत कॉमर्स विषय में सर्टिफिकेट, 2 वर्ष पूर्ण होने के उपरांत डिप्लोमा, 3 वर्ष पूरा होने के पश्चात बीकॉम की डिग्री, 4 वर्ष पूरे होने पर बीकॉम ऑनर्स की डिग्री और 5 वर्ष पूर्ण करने पर एमकॉम की डिग्री प्राप्त होती है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 जून 2026 रात्रि 11:59 बजे तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.igu.ac.in पर आवेदन कर सकते है। एमकॉम 5 ईयर इंटीग्रेटेड कोर्स का वार्षिक शुल्क 15740 रुपए है।