Published on: 19 Jun 2026
हरियाणा विधानसभा की विषय समिति ने किया इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय का दौरा।*
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष द्वारा गठित शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विषयक समिति ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर (रेवाड़ी) का दौरा किया। समिति के अध्यक्ष विधायक श्री लक्ष्मण सिंह यादव के नेतृत्व में विधायक श्री हरिंदर सिंह, विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, विधायक श्री रणधीर पनिहार तथा विधायक श्री बलराम दांगी ने विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री सीताराम यादव, उपायुक्त, रेवाड़ी श्री अभिषेक मीणा, उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के श्री विशाल शर्मा सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलपति प्रो. असीम मिगलानी, कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह तथा अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रो. सुनील कुमार ने समिति के सदस्यों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
बैठक के दौरान कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षणिक गतिविधियों एवं भावी विकास योजनाओं पर आधारित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके उपरांत निदेशक अनुसंधान प्रो. पंकज कुमार त्यागी ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति, शोध उपलब्धियों तथा आधारभूत संरचना विकास से संबंधित विस्तृत पावर-पॉइंट प्रस्तुति दी। प्रस्तुति में विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया गया।
समिति के अध्यक्ष श्री लक्ष्मण सिंह यादव एवं अन्य सदस्यों ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों तथा प्रस्तुतिकरण की सराहना की। समिति के सदस्यों ने विश्वविद्यालय, विद्यार्थियों तथा आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समिति द्वारा दिए गए सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में समिति के सदस्यों एवं अन्य अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
इस अवसर पर अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रो. सुनील कुमार, विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।