Published on: 19 Jun 2026
सोशल वर्क (MSW) पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु करें आवेदन।
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर-रेवाड़ी के समाज कार्य विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु 20 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। सामाजिक कार्य एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह एक उत्कृष्ट अवसर है। समाज कार्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि एमएसडब्ल्यू दो वर्षीय स्नातकोत्तर कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक समस्याओं की समझ विकसित करने के साथ-साथ उन्हें समाधान-उन्मुख, संवेदनशील एवं पेशेवर सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में तैयार करना है। पाठ्यक्रम में सामाजिक विकास, सामुदायिक संगठन, परामर्श, सामाजिक अनुसंधान तथा क्षेत्रीय प्रशिक्षण (Field Work) पर विशेष बल दिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव एवं पेशेवर दक्षता प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि विभाग में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर एक्सटेंशन लेक्चर, कार्यशालाएं, सेमिनार, प्रशिक्षण कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, ग्रामीण एवं शहरी समुदाय भ्रमण, फील्ड वर्क, केस स्टडी, सर्वेक्षण, समूह कार्य तथा सामाजिक हस्तक्षेप संबंधी व्यावहारिक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को एक पेशेवर सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने का वास्तविक अनुभव प्राप्त होता है तथा उनमें नेतृत्व, संवाद, समस्या-समाधान और सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण कौशल विकसित होते हैं। विभाग नियमित रूप से विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों, स्वास्थ्य संस्थानों, विद्यालयों, पंचायतों और सामुदायिक संगठनों के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित करता है, जिससे विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक चुनौतियों को समझने और उनके समाधान में योगदान देने का अवसर मिलता है। डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि एमएसडब्ल्यू की डिग्री प्राप्त करने के पश्चात विद्यार्थियों के लिए सरकारी विभागों, गैर-सरकारी संगठनों (NGOs), कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR), स्वास्थ्य एवं शिक्षा संस्थानों, महिला एवं बाल विकास परियोजनाओं, अनुसंधान संस्थानों तथा ग्रामीण एवं सामुदायिक विकास कार्यक्रमों में रोजगार एवं करियर के व्यापक अवसर उपलब्ध होते हैं। उन्होंने सामाजिक कार्य के क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और एक ऐसे पेशे से जुड़ें जो न केवल व्यक्तिगत विकास बल्कि समाज के उत्थान का भी माध्यम है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी समाज कार्य विभाग, इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर-रेवाड़ी से संपर्क कर सकते हैं अथवा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन कर सकते हैं।