• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर का उत्साहपूर्वक समापन।

Published on: 19 Mar 2026

*एनएसएस सात दिवसीय विशेष शिविर का उत्साहपूर्वक समापन।*


इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर उत्साह, जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर के अंतिम दो दिनों में विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

स्वयंसेवकों ने स्वर्ग लोक आश्रम में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया। आयोजित व्याख्यान श्रृंखला में डॉ. विक्रांत कौशल ने ‘खाद्य संसाधनों की कमी एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव’ विषय पर विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर बल दिया।

इसके उपरांत प्रो. रविंद्र ने आवश्यकताओं की श्रेणी (Need Hierarchy) तथा जीवन के 4 C’s—कॉन्फिडेंस, कम्युनिकेशन, कमिटमेंट और कंसिस्टेंसी—पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को करियर निर्माण हेतु महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। डॉ. सुनील ने ‘अधिकार, कर्तव्य एवं अनुच्छेद 13 से 18’ पर विस्तार से जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।

डॉ. सतेंदर ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर व्याख्यान देते हुए बालिका शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. सी.एस. वर्मा ‘प्रभाकर’ ने सकारात्मक दृष्टिकोण, अनुशासन एवं समय प्रबंधन के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर श्री सतीश राजोटिया की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।

शाम के समय स्वयंसेवकों ने तुर्कियावास गांव में स्वच्छता, जल संरक्षण एवं नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर ग्रामीणों को जागरूक किया। इसके पश्चात आयोजित संगीत संध्या में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को जीवंत बना दिया।

योग सत्र के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने नृत्य एवं संगीत के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रोफेसर सुनील कुमार ने अपने संबोधन में एनएसएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंच विद्यार्थियों में सेवा भाव, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करता है। कार्यक्रम की शुरुआत में एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मुकेश कुमार ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गांव से आए वरिष्ठ अतिथियों का स्वागत किया।

विशिष्ट अतिथि अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर करण सिंह एवं प्रोफेसर दीपक गुप्ता डीन ऑफ कॉलेज ने स्वयंसेवकों को समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया तथा शिविर के सफल आयोजन की सराहना की।

इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। “सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवक” (लड़कों में) योगेश, पुष्पेंद्र, युवराज एवं तरुण तथा (लड़कियों में) अंजली, ऋतु, मुनेश एवं प्रियंका को पुरस्कार प्रदान किए गए। “सर्वश्रेष्ठ कोर लीडर” का पुरस्कार रजत को तथा “सर्वश्रेष्ठ लीडर” का पुरस्कार यदवेंद्र एवं दिव्या को दिया गया।

पूर्व एनएसएस स्वयंसेवकों—आशीष, अंकित, हेमंत, रजत, अभिमन्यु एवं जितेंद्र—का शिविर के सफल संचालन में विशेष योगदान रहा।

यह शिविर डॉ. मुकेश कुमार के मार्गदर्शन में तथा कार्यक्रम अधिकारियों—डॉ. प्रियंका रंगा, डॉ. अनीता यादव, डॉ. अमनदीप एवं डॉ. संदीप यादव— के सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

अंत में सभी स्वयंसेवकों एवं उपस्थितजनों ने समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लिया।