• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

आईजीयू में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत दिलाई गई सत्यनिष्ठा की शपथ।

Published on: 28 Oct 2026

इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर (रेवाड़ी) में केंद्रीय सतर्कता आयोग एवं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के दिशा-निर्देशों के अनुसार 'सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026' के अंतर्गत सत्यनिष्ठा शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (Probity for Prosperity) विषय के अंतर्गत मनाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के मुख्य सतर्कता अधिकारी (Chief Vigilance Officer) प्रो. दीपक गुप्ता ने उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के दौरान सभी ने कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता तथा उच्च नैतिक मूल्यों का पालन करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही भ्रष्टाचार से दूर रहने, न रिश्वत लेने, न रिश्वत देने और अपने पदीय कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से करने की प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर सत्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि एक भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक और कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी उच्च शैक्षणिक संस्थान की साख एवं प्रगति के लिए ईमानदार कार्यप्रणाली, जवाबदेही तथा नैतिक आचरण रीढ़ की हड्डी के समान हैं।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना रहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा एवं अनुसंधान का केंद्र ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी में सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों के बीजारोपण का भी प्रमुख माध्यम है। उपस्थित सभी सदस्यों से अपने दैनिक प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, नियमों का सख्ती से पालन करने तथा जनहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय परिसर में सत्यनिष्ठा एवं 'जीरो टॉलरेंस' (भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता) की संस्कृति को बढ़ावा देने तथा एक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया।