Published on: 26 Nov 2025
*आईजीयू में संविधान दिवस मनाया गया।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी में संविधान दिवस के उपलक्ष में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी ने की। कुलपति ने
बताया कि 26 नवंबर 1949 को भारत की संसद ने संविधान को अंगीकार किया, जिसे 26 जनवरी 1950 को पूरे भारत में लागू किया गया। हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस इसी उपलक्ष्य में मनाया जाता है। उन्होंने संविधान के महत्व एवं इसकी मूल भावना से अवगत कराया। उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने का प्रेरणादायक संदेश दिया। कुलपति ने विद्यार्थियों को देश के भविष्य निर्माता बताते हुए कहा कि भारत की लोकतांत्रिक परंपरा और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी शिक्षकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों, शोधार्थियों व विद्यार्थियों के साथ संविधान की प्रस्तावना को पढ़ते हुए सभी को एक सशक्त व विकसित राष्ट्र निर्माण में अपना सहयोग देने के लिए आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार ने संविधान का विश्लेषण के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों में भी संविधान की प्रस्तावना को पढ़ा गया। विश्वविद्यालय परिवार ने संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय मूल्यों को जीवन में लागू करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर सभी शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, विद्यार्थी एवं शोद्यार्थी उपस्थित रहे।