Published on: 08 Oct 2026
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के प्राणी विज्ञान विभाग द्वारा वन्यजीव सप्ताह-2026 के अवसर पर “वन्यजीव तकनीक एवं सर्प बचाव प्रशिक्षण” विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राणी विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. पंकज कुमार त्यागी द्वारा विशेषज्ञ वक्ताओं एवं सभी प्रतिभागियों के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों में वन्यजीवों के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में श्री यतिन वर्मा ने वन्यजीव फोटोग्राफी एवं प्राकृतिक आवास में वन्यजीवों के अध्ययन की तकनीकों पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने वन्यजीव फोटोग्राफी में उपयोग होने वाले उपकरणों, विभिन्न फोटोग्राफी तकनीकों तथा प्राकृतिक आवास में वन्य जीवों का अध्ययन करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में प्रतिभागियों को जानकारी दी। उन्होंने वन्यजीवों को बिना किसी प्रकार की परेशानी पहुंचाए, उनके व्यवहार एवं गतिविधियों के वैज्ञानिक अध्ययन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इसके पश्चात श्री अनिल कुमार गंडास ने हरियाणा में पाए जाने वाले सर्पों की पारिस्थितिकी, पहचान एवं सुरक्षित बचाव विषय पर महत्वपूर्ण व्याख्यान एवं प्रशिक्षण दिया। उन्होंने हरियाणा में पाए जाने वाले विभिन्न सर्पों की पहचान, उनके आवास, व्यवहार एवं पारिस्थितिक महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की। साथ ही सर्पों के सुरक्षित बचाव एवं संभाल के दौरान आवश्यक सावधानियों, मानव-सर्प संघर्ष की स्थिति में अपनाए जाने वाले उचित उपायों तथा सर्पों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार के बारे में प्रतिभागियों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान वन्यजीव फोटोग्राफी, पोस्टर निर्माण एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की सफलता में कुलपति प्रो. असीम मिगलानी एवं कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह के मार्गदर्शन, सहयोग एवं प्रोत्साहन का विशेष योगदान रहा। उनके सहयोग एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के समर्थन से विभाग द्वारा इस प्रकार के शैक्षणिक एवं जागरूकता कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के आयोजन सचिव डॉ. अमित कुमार ने अतिथियों, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वन्यजीव संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में छोटे-छोटे संरक्षणात्मक कदम अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. श्रुति एवं डॉ. प्रिया, संकाय सदस्य, उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में विभाग के शिक्षकों, आयोजन समिति एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। डॉ. दीप्ति यादव ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता तथा मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के संदेश के साथ हुआ।