• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

आईजीयू में दीपोत्सव का उल्लास: कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने दी दीपावली की आत्मीय शुभकामनाएं। ज्ञान का दीप जलाने और पर्यावरण-अनुकूल 'ग्रीन दिवाली' मनाने का दिया पावन संदेश।

Published on: 07 Nov 2026

इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने प्रकाश पर्व दीपावली के शुभ अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार के सभी विद्यार्थियों, शोधार्थियों, प्राध्यापकों, कर्मठ अधिकारियों-कर्मचारियों, अल्युम्नाई (पूर्व छात्रों) और समस्त प्रदेशवासियों को सुख, शांति एवं समृद्धि की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

अपने प्रेरणादायक संदेश में कुलपति प्रो. आसीम मिगलानी ने कहा कि दीपावली केवल दीपों की पंक्तियों का उत्सव नहीं, बल्कि अंतरात्मा में ज्ञान, विवेक, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा की ज्योति प्रज्वलित करने का महापर्व है। यह त्योहार हमें निराशा को तजकर आशा की ओर, अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर और असत्य से सत्य के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है।

पर्यावरण संरक्षण की महत्ता पर विशेष बल देते हुए कुलपति महोदय ने विश्वविद्यालय के युवाओं व प्रदेशवासियों से 'ग्रीन, क्लीन एवं सेफ दिवाली' मनाने का आह्वान किया। उन्होंने अपील की कि पटाखों से होने वाले प्रदूषण से बचते हुए मिट्टी के पारंपरिक दीपों से घर-आंगन को रोशन करें, ताकि हमारी प्रकृति स्वच्छ रहे और भावी पीढ़ियों को एक स्वस्थ वातावरण मिल सके।

प्रो. असीम मिगलानी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह पावन दीपोत्सव हर घर में उत्तम स्वास्थ्य, अपार खुशहाली और सफलता का नया सवेरा लेकर आए। उन्होंने विश्वास जताया कि आईजीयू परिवार के अटूट समर्पण, सामूहिक प्रयासों और नवाचार के बल पर हमारा विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा, शोध और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में निरंतर नई बुलंदियों को छुएगा।

इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह एवं अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रोफेसर सुनील कुमार ने भी आईजीयू परिवार तथा समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की आत्मीय शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के लिए आरोग्य, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस पर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द और स्वच्छ पर्यावरण के साथ मनाने का संदेश दिया।