Published on: 19 Oct 2026
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा 'न्यूज़ रूम चुनौतियाँ तथा पत्रकार की भूमिका' विषय पर एक दिवसीय विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ऑनलाइन न्यूज़ प्लेटफॉर्म फर्स्ट पोस्ट के सब एडिटर क्षितिज भारद्वाज ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की और विद्यार्थियों को पत्रकारिता क्षेत्र की व्यावहारिक बारीकियों एवं चुनौतियों से अवगत कराया।
अपने संबोधन में मुख्य वक्ता क्षितिज भारद्वाज ने आधुनिक पत्रकारिता में तकनीक और एआई (AI) के बढ़ते प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस का अत्यधिक प्रयोग न केवल मौलिकता को नष्ट करता है, बल्कि मनुष्य की सोचने-समझने की स्वाभाविक क्षमता को भी क्षीण कर देता है। उन्होंने कहा कि एक सफल एवं निष्पक्ष पत्रकार बनने के लिए निरंतर सीखने और लिखने की आदत अनिवार्य शर्त है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पत्रकारिता का क्षेत्र चुनौतियों से भरा है, लेकिन सामाजिक हित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना ही एक सच्चे पत्रकार का दायित्व है। पत्रकार हर समय कर्तव्य पथ पर तैनात रहता है, इसलिए उसे व्यक्तिगत सीमाओं से परे उठकर समाजहित में कार्य करने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को पत्रकारिता संबंधी उत्कृष्ट पुस्तकों का अध्ययन करने तथा अपनी भाषा एवं लेखन शैली में सुधार लाने की सलाह दी। सत्र के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के तार्किक एवं व्यावहारिक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
विभाग के अध्यक्ष प्रो. निखिलेश यादव ने मुख्य वक्ता का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
इस अवसर पर अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. रोमिका बत्रा सुखीजा, डॉ. बिजेंद्र सिंह, डॉ. मुकुट अग्रवाल, डॉ. विनीत यादव, डॉ. विनय यादव, भाविका, शुभम सहित विभाग के शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।