Published on: 03 Apr 2026
*आईजीयू की टीम AIU नेशनल क़व्वाली फेस्टिवल में भाग लेने के लिए हैदराबाद रवाना।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी की टीम AIU द्वारा मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी, हैदराबाद में आयोजित नेशनल क़व्वाली फेस्टिवल में भाग लेने के लिए हैदराबाद रवाना हुई।
इस अवसर पर निदेशक छात्र कल्याण प्रोफेसर अदिति शर्मा ने बताया कि कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी व कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पहली बार आईजीयू की टीम राष्ट्रीय क़व्वाली फेस्टिवल में भाग लेने पहुंची है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की टीम ने AIU नेशनल यूथ फेस्टिवल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था और अब वही टीम राष्ट्रीय स्तर पर क़व्वाली फेस्टिवल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर करण सिंह ने बताया कि गत वर्ष आयोजित युवा कल्याण समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि विश्वविद्यालय के यूथ फेस्टिवल ‘हिंडोला’ में क़व्वाली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को AIU नेशनल क़व्वाली फेस्टिवल में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा। इसी के तहत ‘हिंडोला-2025’ में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम, राजकीय कन्या महाविद्यालय, नारनौल इस वर्ष विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर रही है।
उन्होंने आगे बताया कि प्राचार्य डॉ. ओ.पी. सिंह के नेतृत्व में राजकीय कन्या महाविद्यालय, नारनौल में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय स्तर पर चयनित सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों को शामिल किया गया। यह टीम डॉ. बलवान सिंह एवं डॉ. मनीषा के नेतृत्व में हैदराबाद पहुंची है।
इस अवसर पर सहायक निदेशक छात्र कल्याण डॉ. सुशांत यादव ने बताया कि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक टीम निरंतर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है और पहली बार विश्वविद्यालय की टीम नेशनल क़व्वाली फेस्टिवल में भाग लेकर एक नया इतिहास रचने की ओर अग्रसर है।