Published on: 17 Mar 2026
*एनएसएस शिविर में विविध गतिविधियां आयोजित।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन विविध गतिविधियां आयोजित की गई।
दिन की शुरुआत प्रातः कालीन योग सत्र से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को समझा। इसके पश्चात एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्वर्ग लोक आश्रम में स्वच्छता अभियान चलाया और स्वच्छता का संदेश दिया।
इसके बाद अतिथि व्याख्यानों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ. संदीप कुमार, सहायक प्रोफेसर, मनोविज्ञान विभाग ने ‘वर्चुअल और वास्तविक जीवन के बीच अंतर: मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि आज के डिजिटल युग में लोग वर्चुअल दुनिया में अधिक समय व्यतीत कर रहे हैं, जिससे वास्तविक जीवन के संबंध और अनुभव प्रभावित होते हैं। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य, सोशल मीडिया के प्रभाव तथा वास्तविक जीवन में संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि कैसे व्यक्ति को वास्तविक जीवन में सक्रिय रहकर अपने व्यक्तित्व को विकसित करना चाहिए।
इसके पश्चात प्रो. करण सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने एनएसएस शिविर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और सेवा भाव के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थी न केवल समाज की सेवा करते हैं, बल्कि अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास भी करते हैं।
अगले सत्र में विधि विभाग से सहायक प्रोफेसर, डॉ. कुसुम ने ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने भारतीय संविधान में दिए गए इस मौलिक अधिकार की विस्तार से जानकारी दी और इसके महत्व को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी बताया कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ कुछ जिम्मेदारियां भी जुड़ी होती हैं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए ही अपने विचार व्यक्त करने चाहिए। उन्होंने वर्तमान समय में सोशल मीडिया के उपयोग और उससे जुड़े कानूनी पहलुओं पर भी प्रकाश डाला।
इसके बाद एनएसएस स्वयंसेवकों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लिया, जिनमें 100 मीटर दौड़, बोरी दौड़ और रस्साकशी शामिल रहे। इन खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में टीम भावना और उत्साह देखने को मिला।
शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
यह शिविर इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर के एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मुकेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। शिविर के संचालन में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रियंका रंगा, डॉ. अनीता यादव, डॉ. अमनदीप तथा डॉ. संदीप यादव का विशेष योगदान रहा।
पूरे दिन की गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शिविर को सफल बनाया।