Published on: 14 Mar 2026
*एआईयू इंटर यूनिवर्सिटी नेशनल यूथ फेस्टिवल में आईजीयू का शानदार प्रदर्शन।*
*माइम और फोक डांस में ब्रॉन्ज मेडल, सांस्कृतिक झांकी में चौथा स्थान।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के विद्यार्थियों ने चेन्नई में आयोजित 39वें एआईयू इंटर यूनिवर्सिटी नेशनल यूथ फेस्टिवल में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस प्रतिष्ठित युवा महोत्सव में विश्वविद्यालय की टीम ने तीन विधाओं में भाग लेकर तीनों में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया।
छात्र कल्याण निदेशक प्रोफेसर अदिति शर्मा ने बताया कि सहायक निदेशक छात्र कल्याण डॉ. सुशांत यादव के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक टीम चेन्नई स्थित सत्यभामा विश्वविद्यालय में आयोजित 39वें एआईयू इंटर यूनिवर्सिटी नेशनल यूथ फेस्टिवल में भाग लेने पहुँची थी। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की टीम ने माइम और फोक डांस विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया, जबकि कल्चरल प्रोसेशन (सांस्कृतिक झांकी) में प्रभावशाली प्रस्तुति देकर चौथा स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी तथा कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह के कुशल नेतृत्व में विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक टीम लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है।
इस अवसर पर टीम के ओवरऑल इंचार्ज डॉ. सुशांत यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा कल्चरल प्रोसेशन में पूरे देश के विश्वविद्यालयों के सामने अमर शहीद राजा राव तुलाराम की वीर गाथा प्रस्तुत की गई, जिसे सभी प्रतिभागियों और दर्शकों ने खूब सराहा। उन्होंने बताया कि हरियाणवी संस्कृति को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सागर सैनी के निर्देशन में गुड़िया डांस की प्रस्तुति दी गई, जिसके माध्यम से विश्वविद्यालय के छात्रों ने एक बेटी के जीवन, उसके संघर्ष और उसके सपनों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया।
इसके साथ ही प्रसिद्ध थिएटर कलाकार रमेश सपड़ा के निर्देशन में तैयार की गई माइम प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने नारी सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया।
डॉ. सुशांत यादव ने बताया कि इस बार इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय से कुल 29 सदस्यों का कंटिजेंट इस राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने पहुँचा था। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने अनुशासन, प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के दम पर सभी का दिल जीत लिया।
ज्ञात हो कि इस प्रतिष्ठित युवा महोत्सव में देशभर की 147 विश्वविद्यालयों ने भाग लिया था। इतने कड़े प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अत्यंत गर्व का विषय है।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर करण सिंह ने भी सभी विजेता विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि टीम का नेतृत्व टीम मैनेजर के रूप में होटल पर्यटक एवं प्रबंधन विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. नवनीत कौशल तथा राजकीय महाविद्यालय, जाटूसना की प्राचार्या, डॉ. प्रीति यादव ने किया। उन्होंने दोनों टीम मैनेजरों और सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।